BREAKING रायपुर वॉच

CG NEWS: कांग्रेस नेता के ढाबे में अवैध शराब की बिक्री, शिकायत करने पर ग्रामीण की कर दी जमकर पिटाई 

Share this

CG NEWS: बलौदाबाजार। कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री की जा रही थी । जब इसकी शिकायत एक ग्रामीण ने की तो बौखलाए ढाबा संचालक ने उसके साथ मारपीट की। इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित हुए और ढाबा संचालक कसडोल ब्लॉक ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत थवाईत और उसके बेटे संतोष थवाईत की जमकर धुनाई की। वहीं बवाल की सूचना पर बलौदाबाजार से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कटगी पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है।

बता दें कि ग्रामीणों ने ग्राम कटगी में संचालित ढाबे में अवैध शराब बिक्री की शिकायत कलेक्टर एवं एसपी से की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कार्रवाई नहीं होने पर ढाबा संचालक के हौसले बढ़ गए और उसने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही बाहर से गुंडे बुलाकर उन्हें धमकाने की कोशिश की, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और फिर जमकर हंगामा मचाया।

आरोपी पिता – पुत्र हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस और बलौदाबाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति शांत बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *