BREAKING रायपुर वॉच

JEE Mains में हाईटेक चीटिंग का मामला, चप्पल काटकर मोबाइल छिपाया

Share this

भिलाई। JEE Mains की परीक्षा में बायो ब्रेक के बाद एक परीक्षार्थी ने अपनी चप्पल में मोबाइल फोन छिपा लिया। वाशरूम से लैब की ओर वापस जाने के दौरान परीक्षार्थी घसीट कर चल रहा था। उसके चलने के तरीके से गार्ड को संदेह हुआ और चप्पल को उतरवाकर जांच की। जांच में पता चला कि चप्पल को काटकर मोबाइल फोन छुपाया गया है। शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने परीक्षार्थी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। सिरसाकला भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कालेज में दो अप्रैल को जेईई मेन्स की परीक्षा आयोजित थी। जिसमें प्रथम पाली में एक परीक्षार्थी आदित्य कुमार के पास परीक्षा के दौरान बायो ब्रेक के पश्चात उसकी चप्पल में मोबाइल पाया गया। परीक्षार्थी की एंट्री सुबह 8.25 बजे हुई, जिसमें सुरक्षा गार्ड राजेश कुमार सिंह ने उसकी मेटल डिटेक्टर से जांच की।

परीक्षार्थी ने अपनी जांच से पहले ही चप्पल उतार दी थी। फिर उसकी जांच हुई वहां से वह दूसरे फ्लोर में स्थित लैब 12 ए में सुबह 8.35 बजे एंटर हुआ और उसका रजिस्ट्रेशन 8.40 बजे पूरा हुआ। रजिस्ट्रेशन के पश्चात उसे सिस्टम नंबर सी 094 प्राप्त हुआ। सुबह नौ बजे से परीक्षार्थी का एग्जाम शुरू हुआ। परीक्षार्थी 11.08 बजे बायो-ब्रेक (वाशरूम) के लिए गया और वहां से वह 11.28 बजे वाशरूम से बाहर निकला। वाशरूम से निकलने के बाद उसकी फिर से मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने जांच की, लेकिन फिर से परीक्षार्थी ने अपनी चप्पल जांच से पहले ही निकाल दी और फिर उसने अपनी जांच करायी।

जब वह वाशरूम से अपनी लैब की ओर वापस जा रहा था, तब सुरक्षा गार्ड को उसके चलने के तरीके से शक हुआ; वह अपनी चप्पल को घसीट के चल रहा था। तब सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी चप्पल की जांच की, जिसमें चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छुपाया गया था। जैसे ही सुरक्षा गार्ड को पता चला, उसने कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा, एडमिन मैनेजर विक्रम ठाकुर, एटीए ऑब्जर्वर अमित सिंह ठाकुर और ईवाई ऑब्जर्वर मनीष कुमार को सूचित किया। प्रार्थी अजीत वर्मा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रबंधन को दी गई, प्रबंधन ने पुलिस को फोन करने और एफआइआर दर्ज कराने के लिए कहा। इसके बाद डायल 112 को फोन कर बुलाया गया। डायल 112 में तैनात पुलिस परीक्षार्थी आदित्य कुमार को अपने साथ पुरानी भिलाई थाना लेकर आई।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *