BREAKING रायपुर वॉच

CG CONGRESS NEWS: बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन…

Share this

CG CONGRESS NEWS: रायपुर। शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर रविवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने टिकरापारा थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लूट, हत्या, बलात्कार, चोरी और छेड़छाड़ की घटनाओं के लिए पुलिस प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की।

 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि टिकरापारा थाना क्षेत्र में कॉलोनी निवासी युवक अजय अग्रवाल की हाल ही में हुई हत्या पुलिस की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने बताया कि मृतक और आरोपी के बीच कई महीनों से विवाद चल रहा था और मामला थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। यदि समय रहते उचित कार्रवाई होती, तो यह हत्या टाली जा सकती थी।

 

प्रदर्शनकारियों ने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। साथ ही थाना क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, अवैध शराब और सूखा नशा को अपराधों की बड़ी वजह बताया।

 

कांग्रेस नेताओं ने युवती कंचन साहू की गुमशुदगी, हाल ही में हुई चैन स्नैचिंग और रोजाना हो रही मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिसिंग को मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।

 

श्रीकुमार शंकर मेनन ने राज्य सरकार पर कमिश्नरेट प्रणाली के नाम पर केवल औपचारिकता निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अधिकारियों की पोस्टिंग तो कर दी, लेकिन थानों में जरूरी 40-50 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भर्ती रोक दी गई है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही बेरोजगार युवाओं के साथ भी अन्याय हो रहा है।

 

करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कमिश्नरेट एएसपी नवनीत पाटिल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की सूक्ष्म जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने पुलिसिंग को और मजबूत करने तथा पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी भरोसा दिलाया।

 

इस प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के साथ पंकज शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, एजाज ढेबर, उमेश गुप्ता, डॉ अनुराम साहू, ओम श्रीवास, विनोद ठाकुर, प्रवीण चंद्राकर, मिलिंद गौतम, सुजीत सिंह, नंदकुमार पटेल, सुनीता शर्मा, प्रीति सोनी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *