नई दिल्ली। बेंगलुरु की PES यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर ने क्लास के दौरान एक मुस्लिम छात्र को आतंकवादी कहा, और कहा कि तुम जैसे लोगों के कारण ही ईरान में युद्ध हो रहा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी ने प्रोफेसर को निलंबित कर दिया। वहीं, इस घटना के बाद से छात्रों में नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और आरोपी प्रोफेसर मुरलीधर देशपांडे के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जानिए मामला
दरअसल, यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब अफ्फान नामक छात्र ने किसी से मिलने के लिए कक्षा से बाहर जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि इस दौरान प्रोफेसर मुरलीधर देशपांडे ने छात्र अफ्फान को पूरी क्लास के सामने आतंकवादी कहा। विवाद तब और बढ़ गया, जब प्रोफेसर ने कथित तौर पर उस मुस्लिम छात्र को ईरान युद्ध के लिए ‘उस जैसे लोगों’ को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही यह भी टिप्पणी की कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप आकर उसे ले जाएंगे’। यही नहीं, प्रोफेसर ने कथित तौर पर यह ही कहा कि वह छात्र ‘नरक में जाएगा’।
FIR दर्ज
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मचे भारी हंगामे के चलते उन्हें उसी दिन निलंबित कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने प्रोफेसर देशपांडे के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिसमें अफ्फान को पीड़ित के रूप में नामित किया गया है। FIR में कहा गया है कि शिकायतकर्ता को इस घटना से संबंधित एक सोशल मीडिया पोस्ट देखने को मिली।

