PM Modi Kolkata Rally: कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली से पहले जमकर बवाल हुआ है। गिरीश पार्क इलाका रणक्षेत्र बन गया। आरोप है कि मोदी की ब्रिगेड रैली में जा रही भाजपा समर्थकों की गाड़ियों पर पुलिस की मौजूदगी में कथित तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों द्वारा ईट पत्थर बरसाए गए, जिसमें कई समर्थक लहूलुहान हो गए।
कई वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। तोड़फोड़ में कई बसों के शीशे टूट गए। भाजपा ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। इलाके में भारी तनाव का माहौल है।हमले के बाद बीच बचाव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस को स्थिति को काबू में करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया बल (आरएएफ) को उतारना पड़ा।
पीएम के कटआउट तोड़े गए
इधर, रैली से पहले ब्रिगेड मैदान के आसपास की सड़कों पर लगाए गए पीएम के कई कटआउट के तोड़ने की घटना सामने आई है। साथ ही कोलकाता में वीआईपी रोड सहित कई अन्य जगहों पर पर ‘मोदी गो बैक’ के होर्डिंग भी लगे मिले हैं।
भाजपा ने तृणमूल पर लगाया हंगामा करने का आरोप
दूसरी ओर, मेदिनीपुर के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थकों को लेकर ब्रिगेड रैली के लिए आ रही बस में तोड़फोड़ की गई है। एक भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई भी की गई। इन सभी घटनाओं में भाजपा ने तृणमूल पर आरोप लगाया है।
प्रधानमंत्री के कटआउट से सिर गायब!
प्रधानमंत्री की सभा के उपलक्ष्य में भाजपा ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर, बैनर और कटआउट लगाए हैं। इसके जवाब में तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने पोस्टर लगाए हैं। शनिवार को ब्रिगेड में मोदी की सभा से पहले एक्साइड मोड़ के पास फुटपाथ पर देखा गया कि एक कटआउट का सिर कटा हुआ है और कटा हुआ हिस्सा नीचे जमीन पर पड़ा है।

