बिलासपुर के B.Incube Bilaspur इनक्यूबेशन सेंटर में “टी टॉक विद कलेक्टर” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम B.Incube, हमर बिलासपुर और BusinessGarh के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप, युवाओं और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करना तथा नवाचार को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बिलासपुर के कलेक्टर एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी के चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल (IAS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बिलासपुर के विभिन्न कॉलेजों से आए विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों तथा अलग-अलग स्थानों से आए 55 से अधिक स्टार्टअप संस्थापकों (स्टार्टअप फाउंडर्स) ने भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित आइडियाथॉन (Ideathon) के विजेताओं को कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में नवाचार (Innovation) बेहद आवश्यक है और युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आकर समाज की समस्याओं के समाधान पर काम करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से नए अवसर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई स्टार्टअप या युवा उद्यमी शहर के वेस्ट मैनेजमेंट (कचरा प्रबंधन) के क्षेत्र में नवाचार या कोई समाधान विकसित करना चाहता है, तो नगर निगम उनका स्वागत करता है और हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
इस अवसर पर B.Incube के इंचार्ज डॉ. धनंजय पांडेय, श्री वाई. श्रीनिवास (जीएम आईटी, बिलासपुर स्मार्ट सिटी), अब्दुल (डीजीएम फाइनेंस, बिलासपुर स्मार्ट सिटी) तथा डॉ. डोमेंद्र सिंह गंजिर (सीईओ, बिजनेसगढ़) भी उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं और स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बिलासपुर में स्टार्टअप इकोसिस्टम (उद्यमिता तंत्र) को मजबूत करने और युवाओं में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

