CG NEWS: सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए तीन दोस्त नदी में डूबने लगे। गांव के लोगों ने दो लोगों को किसी तरह बचाया। वहीं एसबीआई के कैशियर की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाकर पीएम कराया। मामला कोंटा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कोंटा स्थित एसबीआई शाखा में कार्यरत कुछ कर्मचारी होली खेलने के बाद नहाने के लिए मंगलवार चार मार्च की दोपहर आसीरगुड़ा गांव के पास बहने वाली सबरी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान तीन दोस्त नदी में नहाने के लिए उतर गए। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण वे संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूबने लगे। आसपास के ग्रामीणों ने जब तीनों युवकों को डूबते देखा तो तुरंत मदद के लिए दौड़े।
गांव के लोगों ने किसी तरह दो युवकों को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से तीसरे युवक की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एसबीआई का कैशियर है मृतक
मृतक की पहचान एसबीआई कोंटा शाखा में पदस्थ कैशियर साईंनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

