Naxalite Surrender: सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। यहां कुल 15 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य सुदर्शन भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सभी नक्सली सरायपाली क्षेत्र के बलौदा जंगल इलाके में सक्रिय थे और लंबे समय से नक्सली संगठन के लिए काम कर रहे थे। लगातार चल रहे ऑपरेशन और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर इन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया। सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने हथियारों का भी जखीरा सौंपा है।
जानकारी के मुताबिक कुल 14 ऑटोमैटिक और देशी हथियार सुरक्षाबलों को दिए गए, जिनमें रायफल और अन्य घातक हथियार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये नक्सली कई घटनाओं में शामिल रहे थे और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी लाभ दिए जाएंगे, ताकि वे मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जी सकें।

