रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर जोरदार तैयारी शुरू हो गई है। महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक-3 में विशेष स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू और कैलाश बेहरा (पार्षद, गुरु गोविन्द सिंह वार्ड-29) के नेतृत्व में यह अभियान गुरू गोविन्द सिंह वार्ड क्रमांक-29 के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया गया।
जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी की उपस्थिति में बेहरा कॉलोनी, प्रगति नगर और जगन्नाथ नगर में घर-घर संपर्क कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
घर-घर समझाइश, डस्टबिन में अलग रखें कचरा
अभियान के दौरान रहवासियों से अपील की गई कि वे प्रतिदिन निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें और सफाई मित्रों को निर्धारित सफाई वाहन में ही सौंपें। निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि कचरा पृथक्करण से न सिर्फ शहर स्वच्छ रहेगा, बल्कि रीसाइक्लिंग और निस्तारण की प्रक्रिया भी आसान होगी।
रामकी कंपनी, मितानिन और आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भागीदारी
स्वच्छता जनजागरूकता अभियान में रामकी कंपनी के सुपरवाइजर, वार्ड की मितानिनों और आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए सहयोग की अपील की।
पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि वार्ड 29 को स्वच्छ और आदर्श वार्ड बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जनसहभागिता से ही स्वच्छ रायपुर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

