रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रश्नपत्रों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। राजधानी रायपुर में गोपनीय परीक्षा सामग्री को बस और बाइक जैसे साधनों से ले जाया जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता पर चिंता बढ़ गई है।
मंगलवार को रायपुर स्थित जेएन पांडेय स्कूल परिसर से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री रवाना की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ शिक्षक सीलबंद पैकेटों को दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक बसों से ले जाते नजर आए।
स्थानीय लोगों और शिक्षा विशेषज्ञों ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया। उनका कहना है कि इस तरह की ढुलाई से प्रश्नपत्रों की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है और परीक्षा की निष्पक्षता खतरे में पड़ सकती है।

