नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की चर्चाओं के बीच सियासी पारा चढ़ गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उनके साथ गाली-गलौच की।
रिजिजू ने कहा कि वह खुद उस समय मौके पर मौजूद थे। उनके मुताबिक, स्पीकर ओम बिरला बेहद शांत और नरम स्वभाव के हैं, अन्यथा इस मामले में सख्त कार्रवाई हो सकती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद थे और सांसदों को उकसा रहे थे।
‘घटना से स्पीकर बेहद दुखी’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से स्पीकर काफी आहत हैं। उन्होंने खुद स्पीकर से बातचीत की है। रिजिजू ने सदन में बोलने की अनुमति को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि स्पीकर द्वारा रूलिंग दिए जाने के बाद भी उसका पालन नहीं किया गया।
‘परमिशन की जरूरत नहीं’ – राहुल गांधी पर भी निशाना
रिजिजू ने दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है और वे अपनी मर्जी से बोलेंगे। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में बोलने के लिए चेयर की अनुमति जरूरी होती है। यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चेयर की अनुमति से ही बोलते हैं।
उन्होंने कहा, “जब तक चेयर से परमिशन नहीं मिलती, कोई सदस्य सदन में नहीं बोल सकता। नियम सबके लिए समान हैं।”
गौरतलब है कि लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की अटकलों के बीच यह बयान राजनीतिक हलकों में नई बहस को जन्म दे सकता है। अब इस आरोप पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

