बिलासपुर। स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बी.इन्क्यूब, स्मार्ट सिटी बिलासपुर द्वारा बिज़नेसगढ़ के सहयोग से 13 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को एक ऑनलाइन मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र का विषय “स्टार्टअप विकास के 7 चरण” निर्धारित किया गया है।
इस सत्र में मेंटर के रूप में अग्रांशु द्विवेदी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), सीएसवीटीयू-फोर्टे प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। वे स्टार्टअप की पूरी प्रक्रिया—विचार चयन, समस्या की पहचान, वैलिडेशन (सत्यापन), न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (एमवीपी) का निर्माण, बाज़ार में प्रवेश, व्यवसाय की वृद्धि और विस्तार—पर विस्तार से जानकारी प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम विशेष रूप से विद्यार्थियों, नवाचार में रुचि रखने वाले युवाओं, स्टार्टअप शुरू करने की इच्छा रखने वाले उद्यमियों तथा प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप संस्थापकों के लिए उपयोगी रहेगा। सत्र के दौरान शुरुआती चरण में होने वाली सामान्य गलतियों से बचने और स्टार्टअप को आगे बढ़ाने की प्रभावी रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
यह ऑनलाइन सत्र सायं 4:00 बजे से 5:00 बजे तक गूगल मीट प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से आयोजित होगा। बी.इन्क्यूब प्रबंधन ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं उद्यमशील युवाओं से इस सत्र में भाग लेकर स्टार्टअप संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

