CRIME NEWS: मथुरा। मथुरा में महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामले में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। तीन बच्चों की हत्या कर दंपती ने भी आत्महत्या कर ली। मृतक के मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसमें उसने कहा है कि वह खुद आत्महत्या कर रहा है, किसी को परेशान न किया जाए। घर की दीवार और एक पर्ची पर भी आत्महत्या करने की बात लिखी है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि गृहस्वामी करीब छह माह से तंत्र-मंत्र के चक्कर में भी था। बच्चों की हत्या गला दबाकर करने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घर में मिले पांचों के शव, गृहस्वामी ने मोबाइल में बनाया वीडियो मैं खुद कर रहा हूं आत्महत्या
खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष जाटव, उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्ष के बेटे पंकज का शव सुबह के घर के अंदर पड़ा मिला। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोस में रह रहे मनीष के भाई ने घर जाकर देखा तो घर में पांचों में मृत पड़े थे। मनीष ने अपने घर की दीवार पर लिखा है कि मैं मनीष आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए। घर के कमरे में एक पर्ची मिली है, इस पर भी लिखा है कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए।
गला दबाने और जहर खाने की आशंका
पुलिस ने मनीष के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद किया है, इसमें मनीष कह रहे हैं कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। यह भी कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी, उसका पैसा भी उन्हें मिल गया है। मौत कैसे हुई है, इसे लेकर पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रही है। जहर खाने और बच्चों की गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पहुंचे
घटनास्थल पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पहुंचे। डीएम ने बताया कि मृत्यु कैसे हुई, यह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वीडियो में भी मनीष ने आत्महत्या की बात कही है। पता चला है कि कुछ दिनों से वह तंत्र-मंत्र के चक्कर में था। फिलहाल हर पहलू की जांच की जा रही है। आत्महत्या है या फिर कोई और कारण यह भी पता किया जा रहा है।

