BREAKING: बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खम्हारिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरगा में भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच नोहर साहू पर गांव के ही एक युवक ने ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नोहर साहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
शादी समारोह में शामिल होने गए थे बीजेपी नेता
मिली जानकारी के अनुसार, नोहर साहू गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान देर रात अचानक आरोपी युवक ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल नेता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का दावा है कि हमला करने वाला युवक गांव के वर्तमान सरपंच का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आरोपी फरार
डॉक्टरों के अनुसार, नोहर साहू की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। खम्हारिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

