BREAKING CHATTISGARH STATE FOUNDATION

Mahadev के बाद ‘Kingdom Book’ पर पुलिस का वार: ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, ‘सट्टा किंग’ राजा सरदार गिरफ्तार

Share this

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस की सख्ती के बावजूद नए-नए प्लेटफॉर्म सामने आ रहे हैं। ‘महादेव’ एप के बाद अब ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ ऑनलाइन सट्टा खिलाने का जरिया बन गया था। इसी मामले में कवर्धा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले में ऑनलाइन सट्टा चला रहे सट्टा किंग राजा सरदार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को लंबे समय से जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टे की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टा खिलवा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अहम इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं।

रायपुर से चल रहा था सट्टे का मास्टर कंट्रोल

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड रायपुर निवासी अनीश खान है, जो सट्टा खेलने के लिए सुपर आईडी उपलब्ध कराता था। आरोपी राजा सरदार उसके इशारे पर जिले में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। फिलहाल अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयम खुराना फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

70 से 80 आईडी, करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सट्टा नेटवर्क के तहत 70 से 80 ऑनलाइन आईडी बांटी जा चुकी थीं, जिनके जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नामों के उजागर होने की संभावना है।

पहले भी जा चुका है जेल

बताया जा रहा है कि आरोपी राजा सरदार पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अब एक बार फिर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी का बयान

कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक सट्टा पैनल को सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार अवैध रूप से संचालित कर रहा था। आरोपी ने सट्टे की लगभग 80 आईडी बांट दी थीं। उसके कब्जे से 2 से 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया कि इस मामले में ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एक एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में सायबर टीम आईडी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

 

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *