FIR Against Shoaib Dhebar: रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर का नाम विवादों में सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मारने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। यह घटना 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीच विवाद हो रहा है और आरोपी आक्रामक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा विधायक कॉलोनी, मकान नंबर 1/9, तेलीबांधा के निवासी हैं और विशेष बच्चों का एक स्कूल संचालित करते हैं। आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात वह विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वह अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक इडिवर कार ने लापरवाहीपूर्वक उनकी गाड़ी को स्क्रेच मार दिया।

