नई दिल्ली। जनकपुरी में Delhi Bike Accident में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी करते हुए सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच मृतक कमल ध्यानी के भाई करण ध्यानी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
करण का कहना है कि घटना को 24 घंटे से अधिक हो चुके हैं, लेकिन न तो प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही पुलिस CCTV फुटेज दिखा रही है। उनका आरोप है कि उन्हें खुद पुलिस के पीछे-पीछे चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जनकपुरी थाना क्षेत्र स्थित जोगिंदर सिंह मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात Delhi Jal Board द्वारा खोदे गए लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर मोटरसाइकिल सवार युवक कमल ध्यानी की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद कमल पूरी रात गड्ढे में अपनी बाइक के नीचे दबा रहा और वहीं दम तोड़ दिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया है। वहीं दिल्ली जल बोर्ड के अधिशासी अभियंता एएस ग्रेवाल और सहायक अभियंता वंदना को निलंबित कर दिया गया है।

अनुबंध पर कार्यरत कनीय अभियंता आलोक कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है। पुलिस ने तीनों इंजीनियरों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है।
भाई का आरोप- ‘मुझे ही पुलिस को चेज करना पड़ रहा’
मृतक के जुड़वा भाई करण ध्यानी का कहना है कि हादसे के बाद से प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी उनसे बात करने नहीं आया।
करण ने आरोप लगाया, “मैं पुलिस से लगातार कह रहा हूं कि CCTV फुटेज दिखा दो ताकि पता चले कि आखिर हुआ क्या, लेकिन पुलिस टालमटोल कर रही है। 24 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं, फिर भी कुछ नहीं बताया जा रहा। मुझे ही पुलिस को चेज करना पड़ रहा है।”
कमल ध्यानी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित खंदवाड़ी गांव के रहने वाले थे। दिल्ली में वह कैलाशपुरी में अपने पिता नरेश, मां, बड़े भाई सोनू और जुड़वा भाई करण के साथ रहते थे। पिता इलाके के शिव मंदिर में पुजारी हैं। बड़ा भाई पूजा-पाठ में हाथ बंटाता है, जबकि जुड़वा भाई करण निजी कंपनी में कार्यरत है।

