देश दुनिया वॉच

तिरछी नजर 👀 : कई दिग्गजों पर निगाह…….…. ✒️✒️….

Share this

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के मामले को लेकर ईडी का शिकंजा आगामी दिनों और कस सकता है। लगातार चल रही जांच पड़ताल के बाद कुछ और तथ्य सामने आ रहे हैं। भूपेश सरकार के कई मंत्रियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इन पूर्व मंत्रियों के पारिवारिक गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। देखते हैं, कब और कैसे बड़े लोगों पर कार्रवाई होती है। अगले सप्ताह धमाका हो सकता है।

2 मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज..

साय मंत्रिमंडल को लेकर चल रही कयास पर विराम लगने की संभावनाएं पड़ गयी है। लंबे समय से इंतजार कर रहे विधायकों को मंत्री बनने की सूचना आ सकती है। मंत्रिमंडल में जगह को लेकर केन्द्र नेतृत्व से विचार विमर्श होने की खबरें आ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मंत्रिमंडल में शीघ्र विस्तार होने का संकेत दिया है। पुराने दिग्गज नेताओं को स्थान मिलने की संभावनाएं दिख रही है।

3 जेल में सख्ती से हलचल..

कांग्रेस सरकार के समय हुए घपले-घोटाले में बंद कवासी लखमा व चैतन्य बघेल, अनिल टुटेजा,सूर्यकांत तिवारी सहित सभी प्रमुख लोगों को एक ही बैरक में रखा गया है। पिछले दिनों चाकूबाजी की घटना व जेल प्रशासन में फेलबदल के बाद व रायपुर सेन्ट्रल जेल में सख्ती करने से कई बड़े लोग परेशान हो गए हैं। सरकार की नजर में तारीफ बटोरने के लिए कई लोगों पर सख्ती बरती जा रही है।

4 ऐसे फंसे संजय शुक्ला

रावतपुरा निजी मेडिकल कालेज को मान्यता दिलाने के लिए घूस देने के मामले में संस्थान के डायरेक्टर तो जेल में हैं, साथ ही रावतपुरा महाराज और रेरा के चेयरमैन संजय शुक्ला के खिलाफ सीबीआई ने प्रकरण दर्ज किया है। बताते हैं कि संजय शुक्ला की सीधे कोई भूमिका नहीं थी उनपर गलतफहमी के चलते प्रकरण दर्ज हुआ।
संजय शुक्ला, रावतपुरा महाराज के शिष्य हैं और वो रावतपुरा संस्थान ट्रस्ट से जुड़े हैं। सीबीआई देशभर में निजी मेडिकल कालेजों के प्रबंधन से जुड़े उन लोगों पर नजर रखी हुई थी जो मान्यता के लिए एनसीआई के लोगों के संपर्क में थे और लेन-देन कर रहे थे। चर्चा है कि संजय शुक्ला का मोबाइल भी सर्विलेंस में था। शुक्ला जी निजी खर्चो के लिए बैंक से पैसे निकलवाए थे और इसी बीच छापेमारी हो गई। मगर संजय शुक्ला की राशि इतनी कम थी कि घुस देने का मामला नहीं बन रहा था। यानि हिसाब-किताब साफ था। सीबीआई इसकी जांच भी कर चुकी है फिर भी ट्रस्ट से जुड़े होने की वजह से प्रकरण तो दर्ज कर लिया गया है। उन्हें क्लीनचिट मिलने में दिक्कत नहीं है। मगर इसमें थोड़ा समय लगेगा ही। फिर भी शुक्ला जी परेशानी में फंस गए हैं।

5 सवन्नी से किनारा

क्रेडा चेयरमेन भूपेंद्र सिंह सवन्नी पर कमीशनखोरी का आरोप लगा है। सीएम विष्णुदेव साय ने प्रकरण की जांच के आदेश दे दिया है। मगर इस बात की भी खोजबीन हो रही है, जिसने सीएम का लेटर लीक किया है। सवन्नी पार्टी संगठन के ताकतवर नेता माने जाते हैं। मगर कमीशनखोरी का प्रकरण आने के बाद पार्टी के बड़े नेता उनसे कन्नी काट रहे हैं।
सवन्नी दिल्ली भी गये थे। उन्हें उम्मीद थी कि सांसदों के साथ संगठन के प्रमुख नेताओं की बैठक में उन्हें बुलाया जाएगा मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ। सीएम हाऊस में कार्यक्रम में उन्हें मंच पर जगह नहीं दी गई। सवन्नी प्रथम पंक्ति में किनारे बैठे रहे लेकिन उन्हें स्वागत के लिए नहीं बुलाया गया। पवन साय को छोडक़र किसी भी नेता ने उनसे बात नहीं की। संभव है कि सवन्नी को थोड़े दिन में क्लीनचिट मिल जायेगी। फिर भी वो पहले जैसे ताकतवर रहेंगे इसकी संभावना कम दिखाई दे रही है।

6 विधायकों के खिलाफ शिकायत

प्रदेश के आधा दर्जन नए नवेले भाजपा विधायकों के खिलाफ शिकायत है कि वो क्षेत्र से गायब रहते हैं। इनमें पूर्व मंत्री रेणुका सिंह, योगेश्वर राजू सिन्हा सहित अन्य हैं। रेणुका सिंह का क्षेत्र तो काफी बड़ा है और वो अपने गृहक्षेत्र से दूर हैं। इसलिए वो ज्यादातर मौकों पर अपने गृहक्षेत्र प्रेमनगर में ही रहती हैं। जबकि उनका विधानसभा क्षेत्र भरतपुर सोनहट, कोरिया जिले में आता है। इसी तरह योगेश्वर राजू सिन्हा के खिलाफ भी क्षेत्र से गायब रहने की शिकायत आयी है। उनके खिलाफ तो लापता के पोस्टर भी लगा दिये गए थे। पार्टी संगठन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है और जल्द ही विधायकों को सख्त निर्देश दिए जा सकते हैं।

7 कार्यकारिणी में रहेगें नए चेहरे

प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी तैयार हो रही है। यह पता चला है कि इस बार तीन-चौथाई चेहरे नए होंगे। जिलों में काम करने वाले नेताओं को प्रदेश में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। पूर्व विधायकों को संगठन में काम करने का मौका मिलेगा। कई पूर्व विधायक प्रदेश उपाध्यक्ष के पद के लिए मेहनत कर रहे हैं। मगर पार्टी के रणनीतिकारों ने साफ कर दिया है कि ज्यादातर पदाधिकारी 60 से कम आयु वाले ही होंगे। सबकुछ ठीक रहा तो 15 अगस्त के पहले सूची जारी हो जाएगी।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *