बिलासपुर वॉच

केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निराला सदन ने बाज़ी मारी

Share this

केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निराला सदन ने बाज़ी मारी

बिलासपुर।हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में 20 सितंबर 2024 को प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि व विद्यालय की प्राचार्य अर्चना मर्सकोले ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। तत्पश्चात विद्यालय के राजभाषा प्रभारी सुनील पाण्डेय ने राजभाषा हिन्दी की प्रासंगिकता पर प्रेरणादायक संभाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने राजभाषा हिन्दी की संवैधानिक स्थिति पर सारगर्भित बातें बतायीं और कहा कि हिन्दी हिन्द की धड़कन है, जो पूरे भारत को एकता के सूत्र में जोड़ती है।
प्राचार्य अर्चना मर्सकोले ने भूमंडलीकरण के दौर में हिन्दी की उपयोगिता, महत्व एवं प्रासंगिकता पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि विद्यापति से लेकर वर्तमान पर्यन्त हिन्दी स्वयं को नए कलेवर में ढालती हुई प्रगतिशील भाषा बनी हुई है।
तत्पश्चात आरंभ हुई प्रश्न मंच प्रतियोगिता जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता दी है। उन्हें चार सदनों में विभाजित किया गया निराला सदन, प्रेमचंद सदन, महादेवी वर्मा सदन एवं मीरा सदन। सभी ने प्रश्नो के सटीक उत्तर दिए। प्रश्न राजभाषा हिन्दी की संवैधानिक स्थिति, हिन्दी साहित्य के इतिहास, कामकाजी व कार्यालयीन हिन्दी एवं हिन्दी की पहेलियों पर आधारित थे।
इस प्रतियोगिता में निराला सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सदन प्रमुख सुनील शर्मा के साथ, स्वाति शर्मा, आरती, हेमंत कश्यप आदि ने प्रश्नों के सटीक जवाब दिए।
द्वितीय स्थान पर प्रेमचंद सदन रहा। इस सदन अरविंद तिग्गा, पी वी एस लक्ष्मी, नेहा श्रीवास्तव, प्रियंका शर्मा, वीरेन्द्र कुमार ने सटीक उत्तर दिए।
तृतीय स्थान पर महादेवी वर्मा सदन रहा। इसमें माला शर्मा, सिमरन सहगल, एलिन बक्सला, गोलेख गुप्ता, विनीता यादव ने सराहनीय भूमिका निभाई।
चौथे स्थान पर मीरा सदन रहा। इसमें संगीता कोकिला, रागिनी उराँव, अंसुम, भावना व सोनाली ने सहभागिता दी।
प्रश्नमंच प्रतियोगिता का संचालन सुनील पाण्डेय ने किया। निर्णायक की भूमिका रवींद्र यादव व जे लाकरा ने निभाई। प्रधान पाठक तरुण पटेल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन में गणित शिक्षक सुबोध धीरे व ग्रंथपाल सुरभि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *