होली के दौरान रंग गुलाल खेल रहे युवक पर बटालियन के हेड कांस्टेबल ने चलाई गोली
मल्हार निवासी पीयूष सिंह सोमवार शाम अपने दोस्तों के साथ होली खेलने निकला था। वह रेस्ट हाउस रोड पर दोस्तों के साथ रंग-गुलाल खेल रहा था। इसी दौरान सकरी स्थित दूसरी बटालियन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल पुलकेश नापित भी वहां पहुंच गया। उसके कंधे पर बंदूक थी। उसने होली खेल रहे युवकों से विवाद शुरू कर दिया, जिस पर युवकों ने उसे मना किया, लेकिन वह नहीं माना।
इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल ने कंधे से बंदूक उतारी और फायर करने लगा। एक गोली पीयूष के बगल से होकर निकली। मिस फायर होने के बाद उसने दूसरी गोली चलाई, जो पीषूष के सीने में जा लगी, और वो गिर गया। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया। गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस अफसरो में भी हड़कंप मच गए। जिसके बाद एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा, डीएसपी उड्डयन बेहार, थाना प्रभारी रवींद्र अनंत मौके पर पहुंचे। एएसपी ने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि हेड कॉन्स्टेबल ने चिड़ीमार बंदूक से गोली चलाई है, जिसके चलते युवक को मामूली चोट लगी है।पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल पुलकेश नापित को पकड़ हिरासत में ले लिया हैं। जिस बंदूक से गोली चलाई गई थी उसे भी जप्त कर लिया गया है।