
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह की प्रेस वार्ता-
रायपुर में 11 मार्च को प्रदेश स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन
– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 11 मार्च को राज्य स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया है। सम्मेलन में जिले से भी हजारों पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान ने प्रेस क्लब में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए सम्मेलन की रूपरेखा बताई। जिला पंचायत के सीईओ आरपी चौहान एवं एडिशनल सीईओ रिमन सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। जिला पंचायत अध्यक्ष चौहान ने बताया कि सम्मेलन में 26 हजार पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें राज्य के 27 जिला पंचायतों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित कुल 400 जिला पंचायत सदस्य, 146 जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 2979 जनपद पंचायत सदस्य तथा 11647 सरपंच एवं इतने ही उप सरपंच सहित लगभग 26000 पंचायत प्रतिनिधियों का उक्त सम्मेलन में आमंत्रित किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी 483 सरपंच और उप सरपंच, 100 जनपद सदस्य, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, 22 जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा किया जा रहा है।
