बिलासपुर वॉच

कोटा की जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा: प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

Share this

कोटा की जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा: प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। कोटा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना के बाद आए परिणामों को मतदाताओं का आशीर्वाद समझते हुए सादर स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया था, उसमें वे भले ही सफल न हो पाए लेकिन उन्हें कोटा की जनता का भरपूर प्यार मिला, जिसका प्रमाण है कि कोटा में आज तक किसी भी भाजपा प्रत्याशी को 45,000 से अधिक वोट नहीं मिले। लेकिन जनता ने प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को आशीर्वाद देते हुए 65, 522 वोट प्रदान किया। इस जनादेश को विनम्रता पूर्वक स्वीकार करते हुए उन्होंने खुद को कोटा की जनता की सेवा में समर्पित करने का वादा किया‌ है।प्रबल प्रताप सिंह जुदेव ने कहा कि चुनाव आते-जाते रहेंगे।लेकिन अब कोटा विधानसभा की जनता के साथ उनका अटूट जुड़ाव हो चुका है और वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे, क्योंकि वे खुद को रोम रोम से कोटा की जनता का ऋणी महसूस करते हैं। विधानसभा
चुनाव 2023 के चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें कोटा विधानसभा के बुजुर्गों, माता बहनों और युवा साथियों का जो स्नेह और साथ मिला उसे ही उन्होंने अपने लिए सबसे बड़ी जीत बताया। उन्होंने माना कि जी तोड़ प्रयास के बाद भी संभव है कि कुछ कमियां और गलतियां रह गई, जिन्हें उन्होंने भविष्य में सुधारने की भी बात कही है। साथ ही उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियो, कार्यकर्ताओ और वरिष्ठ जनों के प्रति भी आभार जताया है, जिन्होंने कदम-कदम पर मार्गदर्शन के साथ दिन-रात एक कर उनका मनोबल बढ़ाया। जिस किसी ने भी तन मन प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस चुनाव में उनका सहयोग किया, उन सब के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने मीडिया के साथियों के प्रति भी कृतज्ञता जाहिर की । उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की दमनकारी सरकार होने के बावजूद निर्भय होकर जिस तरह से कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और अन्य साथियों ने कठिनाइयों का सामना करते भी दिल से साथ दिया, उससे उनका मनोबल बढ़ा है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार और धर्मपत्नी का भी रणभूमि में पूरा साथ निभाने के लिए धन्यवाद किया है। भारतीय जनता पार्टी के निष्ठामन कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने पार्टी और संगठन के प्रति भविष्य में भी इसी तरह पूर्ण समर्थन एवं समर्पण बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह अंत नहीं बल्कि एक शुरुआत है। यह यात्रा बहुत लंबी है और मंजिल अभी दूर है। उन्होंने माना कि जनता की सेवा के लिए पद की अनिवार्यता नहीं है। वह किसी पद में रहे बिना भी सुचारू रूप से की जा सकती है । प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्पष्ट किया कि चुनाव में हारने के बाद भी वे कोटा विधानसभा छोड़कर जाने वाले नहीं है। उन्होंने आशंका जाहिर करते हुए, उन्होंने स्थानीय जनता को आश्वस्त किया कि टाइगर अभी जिंदा है और कोई भी विधर्मी या षड्यंत्रकारी सनातनियों पर कोई अत्याचार या षड्यंत्र नहीं कर सकता । प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा के साथ भविष्य में भी घर वापसी योजना को निरंतर चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल हो या फिर राजनीति, इसमें जीत या हार स्थाई नहीं होती। यह सतत प्रक्रिया है, उन्होंने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि उनकी पराजय के बाद भी छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिली है। साथ ही उन्होंने इस बात का भी भरोसा जताया कि 2024 में एक बार फिर पूरे देश में कमल खिलेगा और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *