प्रांतीय वॉच

तालाब में डूबने से 2 बहनों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

Share this

दंतेवाड़ा। जिले के कारली गांव में तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई है। वहीं एक बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कि, तीनों बच्चियां नहाने के लिए तालाब में गई थी जहां नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं थीं। मौके पर मौजूद एक युवक इन्हें बचाने के लिए तालाब में कूदा। हालांकि, एक बच्ची को ही सुरक्षित निकाल पाया। जबकि दो बच्चियों की मौत हुई है। मामला जिले के गीदम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कतियाररास की रहने वाली रिया (14) नाग अपने परिजनों के साथ कारली में अपने किसी रिश्तेदार के घर आई हुई थी। वहीं कारली की ही रहने वाली उसकी बहन वंदना मंडावी (15) और एक अन्य बच्ची गुरुवार को गांव के तालाब में नहाने गईं हुईं थीं। रिया और वंदना मंडावी दोनों गहरे पानी में चली गईं थीं। जिसके बाद तीसरी बच्ची भी गहरे पानी में गईं। तीनों डूबने लगी थीं।


तालाब के पास मौजूद एक युवक उमेश कुमार सेठिया की नजर इनपर पड़ी। उसने तीनों को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, जो बच्ची सबसे आखिरी में पानी में उतरी थी उसे ही बचा पाया। अन्य दो मासूमों की पानी में डूबने से मौत हो गई। उमेश ने ही इस मामले की जानकारी गांव वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों और गांव के ग्रामीणों ने दोनों मृत बच्चों के शवों को अस्पताल लेकर आए। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। जिसके बाद उनके शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *