रायपुर वॉच

भूपेश सरकार में चरम पर है भ्रष्टाचार, राजधानी में नाक के नीचे हुआ होर्डिंग घोटाला: कोमल हुपेंडी, प्रदेश अध्यक्ष, आप

Share this

भूपेश सरकार में चरम पर है भ्रष्टाचार, राजधानी में नाक के नीचे हुआ होर्डिंग घोटाला: कोमल हुपेंडी, प्रदेश अध्यक्ष, आप

विज्ञापन पर चलने वाली भूपेश सरकार को होर्डिंग घोटाला के बारे में जानकारी नहीं: कोमल हुपेंडी, प्रदेश अध्यक्ष, आप*

*भूपेश सरकार के नाक के नीचे करोड़ों रूपए डकार गए अफसर, महापौर के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी: कोमल हुपेंडी, प्रदेश अध्यक्ष, आप*

*रायपुर,/ मनोज शर्मा  – नगर निगम रायपुर में करोडों के होर्डिंग घोटाला का मामला सामने आया है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने भूपेश सरकार पर निशाना साधा है। कोमल हुपेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार के कार्यकाल में गजब भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। राजधानी रायपुर में करोड़ों का होर्डिंग घोटाला हो गया, लेकिन नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर को पता नहीं है। उन्होंने कहा कि महापौर एजाज ढेबर जन्मदिन मनाने में लगे हैं, अपने जन्मदिन पर राजधानी की सड़कों को बढ़े-बढ़े होर्डिंग बैनर से पाट दिए, लेकिन निगम में इतना बड़ा घोटाला हुआ इन्हें जानकारी तक नहीं लगी। यह बड़े शर्म की बात है।

कोमल हुपेंडी ने कहा कि जनता को धोखा दे रही है सरकार, भूपेश सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। इससे साफ तौर पर भूपेश सरकार की असफलता जाहिर होती है कि नाक के नीचे नगर निगम के अफसरों ने इतना बड़ा घोटाला कर गए कि पार्षद, कलेक्टर, विधायक और निगम महापौर को जानकारी तक नहीं लगी और अफसरों ने महापौर से छिपाकर 27 करोड़ रूपए का घोटाला कर गए। नगर निगम के अफसरों ने एड एजेंसियों से पैसे लेकर फिर मन चाहे पोल लगवाकर होर्डिंग लगवा दिया।

‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि पूरे राजधानी में आधे से अधिक होर्डिंग्स सीएम भूपेश बघेल, उनके मंत्री या फिर नगर निगम महापौर एजाज ढेबर के लगे हैं, लेकिन उन्हें ही नहीं पता कि करोड़ों रूपए का होर्डिंग स्कैम हो रहा है। विकास के नाम पर पूरे प्रदेश में विज्ञापन के अलावा और कुछ नहीं दिख रहा है। सरकार का विकास सिर्फ होर्डिंग्स और बैनर में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में होर्डिंग घोटाले का पर्दाफाश हो चुका है, ताज्जुब की बात यह है कि सरकार की नाक के नीचे इतना बड़ा घोटाला हो गया और महापौर एजाज ढेबर बेहोशी की नींद सो रहे थे। कांग्रेस के कार्यकाल में घोटाला और भ्रष्टाचार में चरम पर है।

कोमल हुपेंडी ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की नाक के नीचे उनके अफसर करोड़ों रूपए डकार गए और भूपेश बघेल और एजाज ढेबर के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर नहीं है, या फिर स्वयं ये लोग इस घोटाले में लिप्त हैं। इस घोटाले से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि राजधानी में यह स्थिति है तो अन्य जिलों में क्या स्थिति होगी। भूपेश सरकार में आज पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। विकास कार्य ठप हो चुके हैं। जनता का पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार से जनता ऊब चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नाकार देगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *