तारबाहर थाना में पुलिस अभिरक्षा में अधेड़ की मौत
बिलासपुर /
मिली जानकारी के मुताबिक मुंगेली निवासी श्याम मोदिकर उम्र 50 के खिलाफ तारबाहर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज था। पुलिस इस केस की जांच कर रही थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को पता चला कि श्याम मोदिकर रायपुर के तेलीबांधा में परिवार के साथ रह रहा है। इस पर पुलिस सोमवार को उसे पकड़ने के लिए पहुंची थी। मंगलवार को पुलिस उसे रायपुर से बिलासपुर लेकर आई थी।बताया जा रहा है कि रात में पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद कर दिया था। इसके बाद खाना खाने के बाद वह लॉकअप में ही सो रहा था। इस दौरान थाने में गिने-चुने पुलिसकर्मी ही थे। बुधवार की सुबह वह बेहोश पड़ा था। उसकी हालत देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। इस घटना की जानकारी तारबाहर टीआई मनोज नायक को दी गई। इसके बाद आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के परिजन को इसकी सूचना दे दी है।