देश दुनिया वॉच

राहुल सूरत निकले, सजा के खिलाफ अपील करेंगे, कोर्ट के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

Share this

सूरत। लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के 11 दिन बाद राहुल गांधी सोमवार को सूरत कोर्ट के लिए रवाना हो गए। इससे पहले सुबह करीब साढ़े 10 बजे सोनिया गांधी राहुल से मिलने उनके घर पहुंची। सोनिया से मिलने के 1 घंटे बाद राहुल अपने घर से सूरत के लिए निकल गए। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, राजस्थान के CM अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल भी सूरत जा रहे हैं।इधर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। रिजिजू ने कहा- जब आपका (राहुल गांधी) ट्रायल चला तब आपने अपील क्यों नहीं की। अब आप डराने के लिए ये नाटक कर रहे हैं। कोर्ट ने जब आपको दोषी करार दे दिया, इसके बाद आप यह ड्रामा कर रहे हैं। यह कोर्ट पर दबाव बनाने के लिए ही है। कांग्रेस पार्टी पूरे के पूरे परिवार को देश से ऊपर मानती है।

23 मार्च को कोर्ट ने 2 साल जेल की सजा सुनाई थी

बता दें कि 23 मार्च को सूरत की कोर्ट ने राहुल गांधी को ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’ वाले बयान से जुड़े मानहानि केस में दोषी करार दिया था। उन्हें दो साल की जेल और 15 हजार रुपए जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने सजा के खिलाफ अपील करने के लिए राहुल को 30 दिन का समय दिया था। इसके बाद राहुल एक बार फिर सूरत पहुंच रहे हैं।

सूरत में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस

बता दें कि 23 मार्च को सजा मिलने के बाद 24 मार्च को राहुल की लोकसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। इसके बाद कांग्रेस पार्टी संसद के दोनों सदनों और देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी के सूरत पहुंचने के दौरान भी पार्टी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं के साथ दूसरे राज्यों के नेता-कार्यकर्ता भी सूरत पहुंच गए हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *