देश दुनिया वॉच

बड़ी खबर : मोरबी पुल हादसे में 140 से अधिक लोगों की मौत…NDRF और सेना का बचाव कार्य जारी

Share this

गांधीनगर: गुजरात के मोरबी जिले में माच्छू नदी में रविवार शाम केबल पुल गिरने से अब तक 141 लोगों की मौत हो गई। गुजरात सूचना विभाग ने कहा कि करीब 177 लोगों को बचा लिया गया है। 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सेना, नौसेना, वायुसेना, एनडीआरएफ और दमकल विभाग तलाशी अभियान चला रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पांच टीमें माछू नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए रात भर काम कर रही हैं। भारतीय सेना के मेजर गौरव ने कहा कि बचाव अभियान अभी भी जारी है। भारतीय सेना रात करीब 3 बजे यहां पहुंची थी। हम शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीमें फायर ब्रिगेड को भी बचाव अभियान में लगाया गया है।

पुल की मरम्मत कर जनता के लिए खोला गया था

अधिकारियों के मुताबिक यह पुल करीब एक सदी पुराना बताया जा रहा है। पुल को मरम्मत के बाद हाल ही में जनता के लिए खोला गया था। अधिकारियों ने कहा कि जनता के लिए चार दिन पहले ही फिर से खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी। उन्होंने बताया कि पुल शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया।

पीएम मोदी ने किया तत्काल बचाव अभियान का आदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मामले का संज्ञान लेने वाले पहले लोगों में से थे और बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने का आदेश दिया। कई शवों को नदी से निकाल लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, घायलों को मोरबी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मोरबी में दुर्घटना में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

गुजरात सीएम का हर संभव मदद करने का ऐलान

घटना के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल बचाव कार्यों और चिकित्सा सेवाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के लिए मोरबी पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की। बचाव कार्य समाप्त होने तक मुख्यमंत्री के मोरबी में डेरा डालने की संभावना है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए दल तत्काल तैनात करने को कहा है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को कहा है

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *