देश दुनिया वॉच

छत्तीसगढ़ में रेलवे करेगा 7 हजार नई भर्तियां, 2023 से पहले पूरे देश में प्रमोशन और नई नियुक्तियां

Share this

बिलासपुर: इंडियन रेलवे अगले पांच महीने के भीतर यानी अप्रैल 2023 से पहले पूरे देश में प्रमोशन और नई नियुक्तियों से 3 लाख से अधिक पदों को भरने जा रहा है, जिसमें 1.52 लाख नई भर्तियां होंगी। बिलासपुर जोन यानी तकरीबन छत्तीसगढ़ में ही रेलवे में लोगों को 7 हजार नई नौकरियां दी जाएंगी। कुछ अरसा पहले इंडियन रेलवे ने बिलासपुर समेत देशभर के सभी जोन से रिक्त पदों की जानकारी मांगी थी।

इसके बाद सभी जोन को प्रमोशन और नियुक्तियों की प्रक्रिया मिशन मोड में करने तथा अगले 5 माह में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण, दस्तावेजों का वेरिफिकेशन और चिकित्सा परीक्षण समेत सभी प्रक्रियाएं इसी अवधि में पूरी की जानी हैं। रेलवे में कार्यरत 1 लाख 48 हजार अफसर-कर्मियों का प्रमोशन तय हो गया है। इसके साथ ही सभी प्रकार की नियुक्तियां मार्च अंत तक दे दी जाएंगी।

दरअसल, केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने कुछ समय केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में प्रमोशन और सीधी भर्ती से भरे जाने वाले खाली पदों की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में सभी जोनल रेलवे ने 1 लाख 48 हजार पदों पर प्रमोशन की जानकारी दी थी। रेलवे बोर्ड ने मार्च- अप्रैल 2023 तक इन सभी पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित जोनल के महाप्रबंधकों को इस प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा है।

दस्तावेज समेत सभी प्रक्रिया निर्धारित समय पर
इसी अवधि में 1 लाख 52 हजार 713 पदों पर नई नियुक्तियां भी होंगी। बोर्ड ने नई नियुक्तियों के लिए शारीरिक परीक्षण, दस्तावेजों का वेरिफिकेशन, चिकित्सा परीक्षण समेत अन्य सभी प्रक्रिया मार्च–अप्रैल तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित रेलवे के डीआरएम के साथ पीसीपीओ यानी प्रिंसिपल चीफ पर्सनल ऑफिसर और प्रिंसिपल चीफ मेडिकल ऑफिसर समन्वय बनाकर काम करेंगे। भर्ती से जुड़ी सभी प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी की जाएंगी।

नियुक्ति मार्च अंत तक
बोर्ड ने उम्मीद जताई है कि लेवल-1 के लिए लिए गए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट के परिणाम दिसंबर 2022 तक जारी कर देगा। इसके बाद संबंधित रेलवे भर्ती बोर्ड जनवरी 2023 तक शारीरिक परीक्षण, फरवरी तक दस्तावेजों का वेरिफिकेशन और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। मार्च अंत तक नियुक्तियां दे दी जाएंगी।

7784 टीटीई पद खाली
रेलवे में फिलहाल टीटीई के 7784 पद खाली पड़े हुए हैं। यह जानकारी लोकसभा में पूछे गए सवाल में रेल मंत्री ने दी थी। 16 जोनल रेलवे में टीटीई के खाली पदों की जानकारी मांगी गई थी, इसमें सबसे ज्यादा 1106 पद उत्तर रेलवे में खाली हैं। उत्तर मध्य में 982, पूर्व रेलवे में 788, दक्षिण मध्य रेलवे में 746 पद खाली हैं। एसईसीआर में स्थिति बेहतर है, यहां 97 पद ही खाली हैं। बाकी किन पदों पर भर्ती होगी, इस पर वर्किंग की जानी है।

आंकड़ों से जानिए देशभर में कितने रेलकर्मी

1252347 – नियमित कर्मचारी
587968 – संविदा कर्मचारी
303862 – सभी रिक्त पद
2473 – राजपत्रित पद

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *