प्रांतीय वॉच

माओवादियों ने की सरेंडर कर चुके नक्सली की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे फेंका शव

Share this

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 3 महीने पहले सरेंडर कर चुके नक्सली की माओवादियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जिले के एक गांव में सड़क के किनारे फेंक दिया है। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही जवान मौके पर पहुंचे हैं। मामला जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र का है।

तीन महीने पहले छोड़ दिया था हिंसा का रास्ता
जानकारी के मुताबिक, सरेंडर नक्सली बामन पोयाम जब नक्सल संगठन में था तो उस समय वह नक्सलियों की खोखली विचारधारा से तंग आ गया था। इसलिए उसने महज तीन महीने पहले हिंसा का रास्ता छोड़ दिया और बीजापुर में पुलिस अधिकारियों के सामने आकर सरेंडर कर दिया था। बामन के सरेंडर करने की वजह से माओवाद संगठन के लीडर्स उससे खफा थे।

बताया जा रहा है कि, इसी वजह से माओवादी बामन को एक दिन पहले घर से उठाकर ले गए थे। पुलिस के साथ मिलने और संगठन के साथ गद्दारी करने का आरोप लगाकर बामन की हत्या कर दी। फिर शव को आज पोंदुम में सड़क के किनारे फेंक दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद जवान मौके पर पहुंचे। जिन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। मामले की जांच की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *