रायपुर।राजधानी में चाकूबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं बीती रात संतोषी नगर में चाकूबाजी की घटना में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है।जानकारी के मुताबिक राजधानी के संतोषी नगर इलाके में गुड्डा होटल के सामने चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें अज्ञात हमलावर ने डुंडा स्थित अवीवा ग्रीन सिटी निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद अमान खान को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई घटना की जांच में पुलिस जुट गई है।
पिछले 30 दिनों में हत्या ( murder)की 9 वारदातें
राजधानी में पिछले 30 दिनों में हत्या की 9 वारदातें हुईं। जानलेवा हमले के चार केस दर्ज किए गए। 53 ऐसी वारदातें हुईं, जिनमें युवकों को गंभीर चोटें आईं। आंकड़े इसलिए चौंकाने वाले हैं, क्योंकि हत्या और मारपीट की सभी वारदातों में चाकू का उपयोग हुआ है। पुलिस ने ज्यादातर मामलों में आरोपियों को दबोच भी लिया है। इतनी घटनाओं में इक्का-दुक्का को छोड़कर कोई भी वारदात सुनियोजित नहीं थी।

