
रायपुर ब्यूरो | केन्द्रीय विद्यालय क्र 2 रायपुर में प्राचार्य श्रीमती प्रभा मिंज के मुख्य आतिथ्य में उप प्राचार्य श्री सुरेश चंद्र उपाध्याय का विदाई समारोह सम्पन्न हुआ | विशिष्ट अतिथि के रूप में उपाध्याय सर की धर्मपत्नी नागौर राजस्थान की जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सीता उपाध्याय एवं सुपुत्र डॉ चित्रांशु उपाध्याय उपस्थित थे | संगीत शिक्षिका श्रीमती ए उमा भारती की सुमधुर सरस्वती वंदना के साथ समारोह की शुरुआत हुई | ततपश्चात पुष्प गुच्छ के साथ सभी अतिथियों का सम्मान किया गया | दयानंद भोई ने उपाध्याय सर के संक्षिप्त जीवन परिचय एवं पदस्थ कार्यस्थल के बारे में जानकारी दी | हेमंत बंजारे ने उपायुक्त द्वारा प्रेषित शुभकामना पत्र का वाचन किया | बी डी मानिकपुरी ने अभिनंदन पत्र प्रदान करते हुए कहा कि उपाध्याय सर कर्मनिष्ठ एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं | इस अवसर पर उपाध्याय सर ने केन्द्रीय विद्यालय संगठन में बिताए अपने अनुभव को सबके सामने साझा किया | आपने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन में मैंने टी जी टी अंग्रेजी के पद से अपनी सेवाएँ प्रारम्भ कर पी जी टी अंग्रेजी तथा आज उप प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हो रहा हूँ | लगभग 35 वर्षों तक मैंने संगठन में अपनी सेवाएँ निःस्वार्थ रूप में दी | जब भी संगठन ने मेरा जहाँ भी स्थानान्तरण कर दिया उसे मैंने सहर्ष स्वीकार किया | प्राचार्य श्रीमती प्रभा मिंज ने कहा कि उपाध्याय सर बहुत ही सरल, सहज , कर्मनिष्ठ, सेवाभाव से ओत-प्रोत सज्जन व्यक्ति हैं | सभी शिक्षकों ने उपाध्याय सर एवं उनके परिवार के स्वस्थ, सुदीर्घ, एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी | संदीप फुलझेले एवं पी एन सोनी ने समारोह का सफलता पूर्वक संचालन किया | इस अवसर पर सभी शिक्षक, शिक्षिकाएँ उपस्थित थे |
