रायपुर वॉच

CG Weather News: प्रदेश में फिर बढ़ेगी ठंड, अगले दो दिन में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

Share this

रायपुर।(दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच)मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उठी चक्रवाती हवाओं से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला है। बीती रात प्रदेश के अधिकांश हिस्से में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। बरसात के बाद सुबह घना कोहरा बना। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश का न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरेगा।

आपको बता दे कि बुधवार रात 10 बजे के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बरसात शुरू हो गई। पेण्ड्रा रोड, बिलासपुर, कोरिया और अम्बिकापुर में 20 मिनट से आधे घंटे तक बारिश हुई। आधी रात के बाद रायपुर में भी बरसात हुई।

प्रदेश में फिर बढ़ेगी ठंड

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, हवा की दिशा बदल रही है। इसकी वजह से गुरुवार को मौसम मुख्यत: सूखा रहने की संभावना है। दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना बन रही है। 12 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना बन रही है।

जगदलपुर में नहीं हुई बारिश

मौसम विभाग ने सुबह 8 बजे तक की वर्षा रिकॉर्ड की है। इसके मुताबिक सबसे अधिक 12.4 मिलीमीटर वर्षा पेण्ड्रा रोड में हुई है। राजनांदगांव में 8.2, रायपुर में 8, बिलासपुर 5.3, दुर्ग में 4.6 और अम्बिकापुर में 2.4 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है। जगदलपुर में वर्षा नहीं हुई है।

तस्वीरों में घने कोहरे की चादर

सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि रायपुर सहित कुछ क्षेत्रों में अब भी हल्के बादल छाए हुए हैं। अधिकांश हिस्सों का मौसम बरसात के तुरंत बाद साफ हो चुका था, और सुबह घने कोहरे की चादर दिखी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *