लखनऊ। कल यूपी विधानसभा के चुनाव के लिए पहले दौर की वोटिंग है। इस दौर में पश्चिमी यूपी की 58 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन सीटों पर 623 उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा 15-15 प्रत्याशी मथुरा और मुजफ्फरनगर सीटों पर हैं। जिन सीटों पर पहले दौर में मतदान हो रहा है, उनका पिछली बार का गणित देखें, तो बीजेपी ने यहां सभी दलों को पछाड़ दिया था। बीजेपी ने इन 58 में से 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। सपा और बीएसपी ने 2-2 सीटें जीती थीं। एक सीट आरएलडी के खाते में गई थी। हालांकि, उसका जीता विधायक बीजेपी में चला गया था।

पहले दौर में जिन जिलों में चुनाव हो रहे हैं, वे हैं शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा और मथुरा। शामली में 3 सीटों में से 2017 में 2 पर बीजेपी और 1 पर सपा जीती थी। हापुड़ की 3 में से 2 पर बीजेपी और 1 पर बीएसपी जीती थी। गाजियाबाद जिले की 5 में से पिछली बार सभी सीटों को बीजेपी ने जीत लिया था। मेरठ में विधानसभा की 7 सीटें हैं। इनमें से 2017 में बीजेपी ने 6 और सपा ने 1 सीट जीती थी। जबकि, मुजफ्फरनगर की 5 सीटों को बीजेपी ने ही जीत लिया था।

अब बाकी जिलों का भी हाल देख लेते हैं। बागपत जिले में 3 विधानसभा सीटें हैं। पिछली बार बीजेपी ने 2 और 1 पर आरएलडी ने जीत हासिल की थी। बुलंदशहर जिले की 7 विधानसभा सीटों में 2017 के चुनाव के दौरान बीजेपी ने परचम फहराया था और बाकी दलों को निराशा हाथ लगी थी। गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में 3 सीटें हैं और बीजेपी ने सभी सीटों को पिछली बार हासिल किया था। वहीं, अलीगढ़ की 7 सीटें भी बीजेपी के खाते में गई थी। सबसे ज्यादा 9 विधानसभा सीट वाले आगरा जिले में भी सभी सीटों को हासिल कर बीजेपी ने पिछली बार दूसरे दलों को जमीन सुंघा दी थी। वहीं, मथुरा की 5 में से 4 सीटों पर बीजेपी जीती थी और 1 पर बीएसपी का हाथी दौड़ा था।

