बिलासपुर। जमीन विवाद में पड़ोसी ने किसान के सीने में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। घायल को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना पर सिम्स चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
रतनपुर के नेवसा उसराभाठा में रहने वाले रामप्रसाद सूर्यवंशी(45) ने गांव में एक जमीन को 45 हजार में गिरवी रखा था। इसी बात को लेकर उसका गांव के सियाराम से विवाद चल रहा था। सोमवार की रात सियाराम उनके घर आया था। उसने जमीन की बात को लेकर राम प्रसाद से विवाद शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर उसने रामप्रसाद की पत्नी सती बाई के सामने ही उसके सीने में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटे आई थी।
आहत को स्वजन उपचार के लिए सिम्स लेकर गए। सिम्स में उपचार के दौरान रात आठ बजे आहत की मौत हो गई। डाक्टरों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इसकी जानकारी रतनपुर थाने में दी। इस पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई। इस बीच आरोपित अपने घर से फरार हो गया। मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।