देश दुनिया वॉच

प्रिंटिंग मिल में गैस लीक, 6 कर्मचारियों की दम घुटने से मौत…20 की हालत गंभीर…

Share this

सूरत.  गुजरात के सूरत में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के एक प्रिंटिंग मिल में सुबह-सुबह गैस लीक हो गई। इससे छह कर्मचारियों का दम घुट गया और उनकी जान चली गई। हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के पास टैंकर से गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मिल के पास एक नाला स्थित है। सुबह-सुबह एक अज्ञात टैंकर चालक उस नाले में जहरीला कैमिकल डाल रहा था। इसी समय  जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। इसकी चपेट में मिल के कर्मचारी भी आ गए और लोगों का दम घुटने लगा। यह जानकारी जैसे ही लोगों में पहुंची, अफरा-तफरी मच गई। किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं गंभीर हालत वाले लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे के सही कारण का अभी पता लगाया जा रहा है।

सुबह साढ़े चार बजे हुई घटना 
सूरत नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने बताया कि सुबह करीब चार बजकर 25 मिनट पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

उन्होंने बताया कि सचिन औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थिति प्रिटिंग मिल के पास खड़े टैंकर से गैस रिसाव के कारण कई कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। इस घटना में कई कर्मचारी बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब छह लोगों की मौत अस्पताल में हो गई। दमकल कर्मचारियों ने टैंकर के वाल्व को बंद करके गैस रिसाव पर काबू पाया।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *