प्रांतीय वॉच

धान की खरीदी: जिले में 01 दिसम्बर से शुरू होगा 132 खरीदी केन्द्रों में होगी

Share this

अक्कू रिजवी/कांकेर : समर्थन मूल्य पर जिले में एक दिसम्बर से धान की खरीदी शुरू हो जाएगी, इसके लिए 132 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं, इनमें से 125 पुराने खरीदी केन्द्र एवं 07 नये खरीदी केन्द्र हैं। धान खरीदी हेतु कांकेर विकासखण्ड में 21, चारामा विकासखण्ड में 23, नरहरपुर में 24, भानुप्रतापपुर में 11, दुर्गूकोंदल में 09, अंतागढ़ विकासखण्ड में 07 तथा कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में 37 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं।
धान खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निगरानी समिति का गठन किया गया है, 125 खरीदी केन्द्रों में नोडल अधिकारी तथा 68 जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। दूसरे राज्य से धान की अवैध परिवहन को रोकने के लिए पखांजूर तहसील के मायापुर, गोंडाहूर एवं मरोड़ा में अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट बनाया गया है, इसके अलावा 11 जिला स्तरीय चेक पोस्ट भी बनाये गये हैं। चारामा विकासखण्ड अंतर्गत मचांदूर, पुरी एवं हल्बा, नरहरपुर विकासखण्ड में सुरही, साल्हेटोला एवं बासनवाही, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड में कच्चे, दुर्गूकोंदल में दसकसा, अंतागढ़ विकासखण्ड में ताड़ोकी एवं अंतागढ़ तथा कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में बड़गांव में चेक पोस्ट बनाये गये हैं, जिसमें अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पखांजूर तहसील के 16 धान खरीदी केन्द्रों-माटोली, पी.व्ही.15, पी.व्ही. 39, पी.व्ही. 26, पी.व्ही. 78, पी.व्ही. 84, पी.व्ही. 89, पी.व्ही. 99, पी.व्ही. 92, बान्दे, कोरेनार, छोटे कापसी, बड़गांव, संगम, गोण्डाहूर एवं पी.व्ही. 78 के धान खरीदी केन्द्र में निगरानी हेतु गत वर्ष से सीसीटीव्ही कैमरा लगाया गया है।
खाद्य अधिकारी टी.आर. ठाकुर ने बताया कि धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी खरीदी केन्द्रों कम्प्यूटर, कांटा-बाट, नमी मापक यंत्र, बारदाना इत्यादि की व्यवस्था की गई है। लैम्पस के समिति प्रबंधक, ऑपरेटर, खरीदी प्रभारी, नोडल अधिकारी इत्यादि को अनुविभाग स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस वर्ष धान खरीदी शुरू होने के दिन से ही किसानों से बारदानों में धान लिये जाएंगे, जिसके लिए उन्हें प्रति जूट बोरा 18 रूपये प्रदान किये जाएंगे, गत वर्ष यह राशि 15 रूपये थी।
समर्थन मूल्य पर मक्का की भी खरीदी
जिले में धान के साथ-साथ मक्का की भी खरीदी समर्थन मूल्य पर की जायेगी। मक्का की खरीदी एक दिसम्बर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक की जावेगी। नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक ने बताया कि मक्का का समर्थन मूल्य 1870 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसानों से अधिकतम 10 क्विंटल प्रति एकड़ के मापदंड के आधार पर मक्का की खरीदी किया जाएगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *