- मोटर साइकिल चलाकर गृहमंत्री रिसाली निगम के वार्डों तक पहुचेंगे
- विकास में 15 वर्ष की बराबरी किया रिसाली ने
तापस सन्याल/रिसाली : नवगठित रिसाली नगर पालिक निगम क्षेत्र का भ्रमण मंगलवार 23 नवम्बर को दुर्ग ग्रामीण विधायक व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे। वे इस बार कार में नहीं, बल्कि स्वयं बाइक चलाकर कार्यकर्ताओं के साथ निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों तक पहुचेंगे। उनकी रैली जोरातराई से सुबह 10 बजे आरंभ होगी। इस दौरान वे निगम क्षेत्र को दिए सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
उल्लेखनीय है तीन दिन पूर्व ही निगम क्षेत्र के नेवई पुलिस ग्राउंड में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 17 करोड़ 22 लाख का भूमिपूजन और 30 करोड़ 84 लाख का लोकार्पण किया है। तब मंच से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि उन्होंने रिसाली निगम क्षेत्र के लिए स्लोगन तैयार किया है। हमर रिसाली, नवा रिसाली, गढ़त रिसाली और बढ़त रिसाली। अब वे इसी थीम के साथ सुबह 10 बजे से जोरातराई से निकलेंगे और डुंडेरा, उतई मार्ग होते नेवई भाठा, नेवई, स्टेशन मरोदा, महौरी मरोदा, टंकी मरोदा, रिसाली, रिसाली सेक्टर होते दशहरा मैदान रिसाली पहुचेंगे। यहां पर वे भ्रमण के दौरान देखे विकास कार्य पर चर्चा करेंगे। गृहमंत्री के बाइक रैली में महिला कांगे्रस, ब्लाक कांगे्रस, युवक कांग्रेस, एन.एस.यू.आई, जिला कांगे्रस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी समेत समाजिक संगठनों के सद्स्य शामिल होंगे।
15 वर्ष की बराबरी 23 माह में
रिसाली नगर पालिक निगम का गठन महज दो वर्ष पूर्व हुआ है। इस दौरान निगम क्षेत्र में 80 करोड़ से अधिक के विकास कार्य की नींव रख पूर्ण कराया जा रहा है। लगभग 60 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य पूर्ण हो चुकी है। विकास की तुलना की जाए तो पिछले 15 वर्ष के लगभग है।