रायपुर वॉच

अचानक बदला मौसम का मिजाज: CG के कई जिलों में बारिश, फसलों को हुआ नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता

Share this

पेंड्रा/जांजगीर/ रायपुर/ मुंगेली : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शनिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सुबह से ही कई जिलों में बारिश हुई है। दोपहर तक घने बादल छाए रहे। मौसम में भी नमी बनी हुई है। अब तक प्रदेश के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर, दुर्ग, मुंगेली, दंतेवाड़ा और रायपुर जिले में बारिश होने की जानकारी सामने आई है। यह भी बताया गया है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर समेत कुछ और जिलों में इस अचानक हुई बारिश की वजह से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। जिसकी वजह से किसान भी अब परेशान हैं। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह ही इस बात की जानकारी दी है कि प्रदेश के कई जिले जैसे रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर समेत कई जिलो में बारिश हो सकती है। इन जिलों में 18-19 नवंबर को तेज बारिश की संभावना है। इस बारिश से खेतों में खड़ी फसल और कट चुकी फसल को नुकसान हो सकता है।

मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी बारिश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का अनुमान जारी किया था। जिसके बाद शनिवार सुबह से ही यहां मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई। इसके अलावा जिले से लगे मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों और अमरकंटक क्षेत्र में भी बारिश हुई है। अमरकंटक क्षेत्र में तो सुबह कोहरा भी छाया रहा। बताया गया कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के हिस्सों में रुक-रुक बारिश होने के चलते कई किसानों की फसलों का नुकसान पहुंचा है। कई किसान अभी कटाई के काम में लगे हुए हैं। वहीं कुछ ने फसल को काटकर अभी खेत में ही रखा गया है।

बारिश से पहले ही कीट से परेशान थे

इसके अलावा जांजगीर जिले में बारिश के चलते किसान परेशान हैं। यहां 2 लाख 48000 हेक्टेयर में 1 लाख 88000 किसानों ने धान की फसल लगाई है। किसानों का कहना है कि बारिश नहीं होने के पहले ही फसल कीट प्रकोप का शिकार हो चुकी हैं। अब इस बारिश से कटे और खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

खरीदी के चलते कटाई में लगे हैं किसान

किसानों ने बताया कि सरकार ने 01 दिसंबर से समर्थन मूल्य में धान खरीदी करने की घोषणा की है। जिसके बाद से वह सभी खेतों से धान को काटने और उसे खलिहान में ले जाने का काम कर रहे हैं। नवागढ़ ब्लॉक के मेंहदा गांव के संदीप तिवारी, हरनारायण साहू, अगास कश्यप ने बताया कि आज हुई बारिश की वजह से फसल को भारी नुकसान होगा। कटाई में विलंब होगा और कीट प्रकोप की संभावना बढ़ गई है, जिन खेतों में पिछली बोनी हुई थी। उन खेतों में भूरा माहो और फंगस का अटैक होगा।

वहीं रायपुर में भी सुबह 10 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। यहां भी हल्की बूंदाबांदी के साथ कुछ देर तक रिमझिम बारिश होती रही है। इसी प्रकार दुर्ग, दंतेवाड़ा, मुंगेली के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई है। बारिश की वजह से इन जिलों में ठंड बढ़ने की भी संभावना है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *