देश दुनिया वॉच

देश में कोरोना के करीब 16 हजार नए केस, केरल समेत इन 5 राज्यों ने बढ़ाई चिंता

Share this

नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. देश में तेज गति से हो रहे वैक्सीनेशन और तमाम एहतियाती कदम उठाए जाने के बावजूद देश में हर रोज 15 हजार से अधिक कोरोना से संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान भी देश में कोरोना से संक्रमण के 15981 नए मामले सामने आए हैं. ये आंकड़ा एक दिन पहले की तुलना में 5.2 फीसदी कम है.

देश में सामने आए इन नए मामलों के साथ ही कुल केस लोड 3.4 करोड़ पहुंच गया है. देश में पांच राज्य अब भी मुसीबत का सबब बने हुए हैं. केरल 8867 नए मामलों के साथ शीर्ष पर है तो वहीं महाराष्ट्र 2149 के साथ दूसरे स्थान पर. 1245 नए मामलों के साथ तमिलनाडु तीसरे, 932 नए मामलों के साथ मिजोरम चौथे और कोरोना संक्रमण के 586 नए मामलों के साथ आंध्र प्रदेश पांचवें स्थान पर है.

कोरोना के कुल नए मामलों में से 86.22 फीसदी केस इन पांच राज्यों से सामने आए हैं. अकेले केरल से ही 55.48 फीसदी नए मामले आए हैं. केरल में कोरोना के कारण मौत के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं. देश में जहां पिछले 24 घंटे के दौरान 166 मौतें हुई हैं जिनमें 67 केरल से हैं. महाराष्ट्र में 29 संक्रमितों की मौत हुई है. देश में कोरोना के कारण जान गंवाने वालों की तादाद 4.52 लाख के करीब पहुंच चुकी है.

रिकवरी रेट 98 फीसदी के पार

भारत में रिकवरी रेट 98.08 फीसदी है. पिछले 24 घंटे में 17861 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं. देश में अब तक 3 करोड़ 33 लाख 99 हजार 961 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं. इस समय देश में कोरोना 2 लाख एक हजार 632 एक्टिव केस हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान एक्टिव केस में 2046 की कमी आई है.

पिछले 24 घंटे में लगी वैक्सीन की 8 लाख से ज्यादा डोज

भारत में पिछले 24 घंटे के दौरान वैक्सीन की 8 लाख 36 हजार 118 डोज लगाई गई है. इसके साथ ही देश में अब तक वैक्सीन की 97 करोड़ 23 लाख 77 हजार 45 डोज का इस्तेमाल किया जा चुका है. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 9 लाख 23 हजार तीन सैंपल का कोरोना टेस्ट किया गया था.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *