रायपुर वॉच

कांग्रेस के 13 और विधायक दिल्ली पहुंचे, 10 पहले से मौजूद, शाम तक और बढ़ सकती है संख्या, सिंहदेव बोले- सभी 70 के 70 विधायक एक राय

Share this

रायपुर : कांग्रेस के दूसरे शक्ति प्रदर्शन का मंच तैयार हो गया है। शुक्रवार से आज सुबह तक 13 विधायक दिल्ली रवाना हुए हैं। 10 विधायक दिल्ली में पहले से मौजूद हैं। शाम तक कुछ अन्य विधायकों के दिल्ली जाने की सूचना है। कांग्रेस विधायकों का पहला जत्था बुधवार को दिल्ली पहुंचा था। तब से प्रदेश की राजनीति गर्म है। उधर, दुर्ग में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, सभी 70 के 70 विधायक एक राय हैं। जो हाईकमान कहेगा, सभी मानेंगे। कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत और लक्ष्मी ध्रुव शनिवार सुबह हवाई अड्‌डे पहुंचे। सभी ने कहा, वे निजी काम से दिल्ली जा रहे हैं। शुक्रवार शाम को चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के साथ शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रायपुर हवाई अड्‌डे पर पत्रकारों से बातचीत में मरवाही विधायक डॉ. केके ध्रुव ने कहा, उन्हें दिल्ली से बुलाया गया गया है, क्यों बुलाया गया है यह नहीं पता।

रामकुमार दिल्ली से वापस आकर फिर गए

रामकुमार यादव ने कहा, दिल्ली देश की राजधानी है। विधायकों को वहां ढेरों काम होते हैं। बताया जा रहा है कि चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। शुक्रवार सुबह वह रायपुर लौटे और शाम को 7 अन्य विधायकों के साथ दिल्ली रवाना हो गए। बताया जा रहा है, विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, विधायक रेखचंद जैन, अनूप नाग, भुनेश्वर बघेल, चिंतामणि महाराज और चक्रधर सिदार जैसे कुछ और विधायक दिल्ली जाने के लिए रायपुर पहुंच चुके हैं। वहीं बृहस्पत सिंह, गुरुदयाल बंजारे, मोहित केरकेट्‌टा, डॉ. विनय जायसवाल, द्वारिकाधीश यादव, यूडी मिंज, पुरुषोत्तम कंवर, चंद्रदेव राय और प्रकाश नायक दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं।

राहुल-प्रियंका के लौटते ही मुख्यमंत्री के भी दिल्ली जाने की संभावना
संकेत मिल रहे हैं कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दिल्ली वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली जा सकते हैं। राहुल गांधी इस समय केरल के दौरे पर हैं। वहीं प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रियंका के यूपी में रहने की वजह से छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया खुद लखनऊ नहीं छोड़ पा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में जुट रहे कांग्रेस विधायकों के पास पर्यटन के अलावा कोई काम नहीं है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *