रायपुर वॉच

अब से कुछ देर बाद किसान महापंचायत शुरू होने वाली, राकेश टिकैत राजिम की महापंचायत के लिए निकले, किसान कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने की तैयारी

Share this

रायपुर : राजिम में अब से कुछ देर बाद किसान महापंचायत शुरू होने वाली है। इसमें हिस्सा लेने के लिए किसान नेता राकेश टिकैत राजिम के लिए निकल चुके हैं। वह कुछ देर में पंचायत स्थल पहुंच जाएंगे। वहीं पंचायत के बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना जारी है। ट्रैक्टर ट्रॉली, बस, पिकअप में भरकर किसान पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि दिल्ली के आंदोलन की तर्ज पर सिख किसानों ने महापंचायत में भी आने वाले लोगों के लिए लंगर खोल दिया है। किसान नेता राकेश टिकैत महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे रायपुर पहुंच गए थे। कृषि उपज मंडी परिसर में बनाए गए पंचायत स्थल में हो रही इस महापंचायत का आयोजन किसान मजदूर महासंघ कर रहा है। दावा है कि इसमें प्रदेश के 35 से 40 हजार लोग जुटेंगे। इस महापंचायत में केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने की तैयारी है।

महापंचायत को डॉ. दर्शनपाल सिंह, योगेंद्र यादव, युद्धवीर सिंह, डॉ. सुनीलम, मेधा पाटेकर, बलदेव सिंह सिरसा, बलवीर सिंह भी संबोधित कर सकते हैं। डॉ. सुनीलम, सत्यवान, मेधा पाटेकर और योगेंद्र यादव के रायपुर पहुंचने की सूचना है। परिसर में 40 हजार लोगों की भोजन व्यवस्था की जा रही है। महापंचायत सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस सम्मेलन की योजना एक महीने पहले बनी थी। प्रमुख किसान नेताओं से सहमति के बाद छत्तीसगढ़ के राजिम को इस महापंचायत के लिए चुना गया है।

मंगलवार को हो रही इस महापंचायत में किसान एक प्रस्ताव पारित कराने की तैयारी में हैं। इसमें केंद्र सरकार से कृषि संबंधी विवादित कानूनों को वापस लेकर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग शामिल होगी। उसके अलावा राज्य सरकार से जुड़े स्थानीय मुद्दों को भी प्रस्ताव में शामिल करने पर जोर है। महापंचायत में भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि प्रशासन को 10 से 15 हजार लोग जुटने का अनुमान है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *