रायपुर : राजिम में किसान महापंचायत शुरू हो गई है। इसमें हिस्सा लेने के लिए किसान नेता राकेश टिकैत, डॉ. योगेंद्र यादव, मेधा पाटकर, डॉ. सुनीलम सहित अन्य नेता पहुंच गए हैं। इससे पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि BJP को बेचने की बीमारी है। दिल्ली वालों की सरकार देख लो, कानून बनाकर आधा देश बेच दिया। भारत सरकार के तीन काले कानूनों का असर पूरे देश में होगा।राकेश टिकैत ने कहा, मध्य प्रदेश में मंडिया बिक रही हैं। वहां 182 मंडियों को बेचने के लिए निकाल दिया गया है। छत्तीसगढ़ भी इससे अछूता नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ की जो समस्या है, वह भी पंचायत उठेगी। पंचायत में आए किसानों से बात की जाएगी। यहां जो सब्जी किसान हैं, उन पर भी कानून का असर पड़ेगा। उन सब्जी किसानों को और लाभ कैसे मिले, पॉलिसी क्या बने, उस पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी समस्या एमएसपी पर है। यह पूरे देश की समस्या है।
ट्रैक्टर ट्रॉली से पहुंच रहे लोग, सिख किसानों ने लंगर लगाया
वहीं पंचायत के बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना जारी है। ट्रैक्टर ट्रॉली, बस, पिकअप में भरकर किसान पहुंच रहे हैं। दिल्ली के आंदोलन की तर्ज पर सिख किसानों ने महापंचायत में भी आने वाले लोगों के लिए लंगर खोल दिया है। पंचायत में बड़ी संख्या में सिख महिलाएं पहुंची हैं। इस दौरान परिसर सत श्री अकाल, भारत माता की जय और छत्तीसगढ़ महतारी की जय के नारों से गूंज उठा। कृषि उपज मंडी परिसर में बनाए गए स्थल में हो रही इस महापंचायत का आयोजन किसान मजदूर महासंघ कर रहा है। दावा है कि इसमें प्रदेश के 35 से 40 हजार लोग जुटेंगे।
महापंचायत को डॉ. दर्शनपाल सिंह, योगेंद्र यादव, युद्धवीर सिंह, डॉ. सुनीलम, मेधा पाटेकर, बलदेव सिंह सिरसा, बलवीर सिंह भी संबोधित कर सकते हैं। परिसर में 40 हजार लोगों की भोजन व्यवस्था की जा रही है। महापंचायत सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस सम्मेलन की योजना एक महीने पहले बनी थी। प्रमुख किसान नेताओं से सहमति के बाद छत्तीसगढ़ के राजिम को इस महापंचायत के लिए चुना गया है।

