देश दुनिया वॉच

कांग्रेस नेता और पत्नी की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा: घर में घुसा नाबालिग नशेड़ियों का गैंग, आवाज से नींद खुली तो मित्तल दंपती के चेहरे पर तकिया रख घुटनों से दबाकर कर दी हत्या, परिजनों का पुलिस की थ्योरी पर विश्वास नहीं

Share this

रायगढ़ : रायगढ़ में कांग्रेस नेता मदन मित्तल (55) और पत्नी अंजू देवी मित्तल (54) की हत्या मामले में पुलिस ने 3 नाबालिगों को पकड़ा है। पकड़े गए सभी आरोपी नशे के आदी हैं। ये चोरी करने के इरादे से कांग्रेस नेता के घर में घुसे थे। इस दौरान जब दंपती की नींद खुली तो आरोपियों ने उनके मुंह को तकिया से दबाकर मार डाला। पुलिस 2 अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है। लैलूंगा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़े व्यापारी मदन मित्तल और उनकी पत्नी का शव 3 दिन पहले कमरे में बिस्तर पर मिला था। दोनों के मुंह पर तकिया रखकर हत्या की गई थी। अगले दिन जब उनका बेटा रोहित और बहू ऋचा सोकर उठे तो हत्या का पता चला। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पीछे के दरवाजे के ऊपर लगी खिड़की को तोड़कर अंदर घुसे थे। कमरे में लूट के कोई निशान नहीं मिले थे।

CCTV फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
वारदात 22 सितंबर को हुई थी, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली थे। इस बीच पुलिस ने कांग्रेस नेता के घर और आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की। इस दौरान पता चला कि कांग्रेस नेता के घर के पीछे एक चखना सेंटर में उसी रात चोरी हुई थी। पुलिस ने वहां फोकस किया तो फुटेज में 5-6 लड़के चखना सेंटर से निकलते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर पुलिस ने जांच बढ़ाई और बस्ती से चोरी के मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

पहले चखना सेंटर में चोरी की, फिर कांग्रेस नेता के घर दाखिल हुए

पकड़े गए एक आरोपी ने बताया कि वारदात की रात वह चोरी की नीयत से अपने 4 अन्य साथियों के साथ पहुंचा था। उन्होंने पहले चखना सेंटर से कुछ चिप्स और रुपए चोरी किए। फिर कांग्रेस नेता के घर पहुंचे। वह बाहर पहरा दे रहा था, बाकी लोग अंदर घुसे। उसे नहीं पता कि अंदर क्या हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झगरपुर बस्ती से दो लकड़ों को और पकड़ लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है।

आरोपी बोले- काफी गहने थे, लेकिन शव देख कुछ सूझा नहीं
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आवाज सुनकर कांग्रेस नेता और उनकी पत्नी सोकर उठ गए। इसके चलते वे हड़बड़ा गए और तकिया से मुंह दबाकर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद कबर्ड में रखे सोने-चांदी के कुछ जेवर और रुपए साथ लेकर भाग गए। आरोपियों का कहना है कि वहां काफी मात्रा में जेवर थे। हत्या के बाद कुछ नहीं सूझा, इसलिए थोड़ा सामान चोरी किया।

परिजनों का पुलिस की थ्योरी पर विश्वास नहीं
कांग्रेस नेता के परिवार को पुलिस की थ्योरी पर विश्वास नहीं है। उनका कहना है कि हत्या के बाद लोगों के आक्रोश को दबाने के लिए नाबालिगों को पुलिस पेश कर रही है। नाबालिगों की शारीरिक स्थिति ही ऐसी नहीं कि वह तकिए से दबाकर हत्या कर सकें। परिजनों ने कहा कि जब लूट कर ले गए सोने का सेट, पैसा, जिसमें भरकर ले गए वह थैला और हिसाब की डायरी मिलेगी, तभी विश्वास होगा। मदन मित्तल हाथ से ही डायरी में हिसाब लिखते थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *