रायपुर वॉच

रायपुर SP प्रशांत अग्रवाल ने किया थानों में निरीक्षण, लापरवाही बरतने पर एक थानेदार को थमाया नोटिस

Share this

रायपुर : राजधानी रायपुर की कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार रात जिले के नए एसपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने शहर के कई थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसपी ने निरीक्षण के दौरान लापरवाही बरतने पर एक थानेदार को नोटिस भी थमा दिया। नवनियुक्त एसपी के ज्वाइन करने के साथ ही रायपुर के एक थाने में जहां फरियादी ने ही जहर खा लिया, वहीं दूसरे थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूट की वारदात अंजाम देकर एसपी प्रशांत को चुनौती दी। इससे एक दिन पहले ही डीजीपी डीएम अवस्थी ने सभी जिलों के एसपी और सीएसपी की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था टाइट रखने के निर्देश दिए थे साथ ही उन्होंने आईजी एसपी से ये भी कहा था कि वे अपने शहर और जिले के थानों का आकस्मिक निरीक्षण करें। डीजीपी के आदेश का पालन राजधानी के एसपी ने दूसरे ही दिन कर दिया, उन्होंने गुरुवार की देर रात रायपुर के टिकरापारा थाना, कोतवाली और तेलीबांधा थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टिकरापारा थाना में मामलों की पेंडेंसी और रखरखाव में लापरवाही देखी, तो थानेदार के साथ जांच अधिकारी एएसआई और हवलदार को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया। डीजीपी के फरमान और नए एसपी के एक्शन के बाद देखना ये है कि शहर की कानून-व्यवस्था कैसे और कितने दिन कंट्रोल में रहती है। पुलिस अधीक्षक रायपुर ने टिकरापारा थाने में शिकायतों की जांच, संधारण और निराकरण में लापरवाही को देखते हुए थाना प्रभारी टिकरापारा संजीव मिश्रा, विवेचक एएसआई राजेंद्र दुबे एवम प्रधान आरक्षक अमिला नाग को कारण बताओ नोटिस दिया है। कोतवाली और तेलीबांधा थाने में पुलिस अधिकारियों व जवानों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *