
चिरमिरी /कोरिया (भरत मिश्रा ) | मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय चिरमिरी के बच्चों तथा शिक्षकों ने शिक्षक पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव टेलीकास्ट को पुरे मनोयोग से सुना। इस अवसर पर देश के शिक्षकों तथा छात्र – छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों के खुलने की ख़ुशी तो है लेकिन हमें कोरोना से बचाव के उपायों को भी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर चर्चा करते हुए इसे एक भविष्योन्मुखी नीति करार दिया ।प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के मध्य कई नवीन नीतियों एवं कार्य योजनाओं की भी घोषणा की और नवीन परिवेश में शिक्षा के क्षेत्र में नवीन चुनौतियों का सामना करने हेतु शिक्षकों को तैयार करने के लिए निष्ठा प्रशिक्षण 3.0 की भी चर्चा की।उनका अभिभाषण शिक्षा के क्षेत्र में हमे आगामी लक्ष्यों तथा उन लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु हमारे प्रयासों को सफल बनाने हेतु सर्वोच्च स्तर पर चल रही कार्ययोजना निर्माण की प्रक्रिया पर केन्द्रित था । शिक्षक पर्व के इस भव्य शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को सुनने के लिए केंद्रीय विद्यालय चिरमिरी के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्राचार्य जे.के . खाखा के नेतृत्व में बड़े उत्साह से भाग लिया।
