रायपुर वॉच

108 में गूंजी किलकारी, रायपुर में एम्बुलेंस में करवाया सुरक्षित प्रसव

Share this

रायपुर । धरमपुरा निवासी गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर 108 संजीवनी एक्सप्रेस के स्टाफ ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रदेश में यह एंबुलेंस सेवा आम लोगों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। न जाने कितनी ही किलकारियां एंबुलेंस में गूंज चुकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय गर्भवती महिला तेजमणि साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 के पायलट भुनेश्वर साहू और ईएमटी आकाश हलदर महज 10 मिनट के भीतर पहुंच गए।

घर पहुंचकर गर्भवती महिला को एम्बुलेंस की सहायता से हॉस्पिटल शिफ्ट करने के लिए निकले। इस दौरान घर से महज दो किलोमीटर ही आगे निकले थे कि गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी आकाश हलदर ने ईआरसीपी की सहायता से डॉ. सुषमा से सलाह ली और परिजनों से बात कर अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस को सुरक्षित सड़क किनारे खड़ी कर प्रसव कराने का निर्णय लिया।

आकाश ने एम्बुलेंस में मौजूद मितानिन की सहायता से प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की। कुछ ही क्षणों पश्चात एम्बुलेंस में बच्ची की किलकारी गूंजने लगी। तेजमणि ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इसके पश्चात मां -बेटी को सिविल हॉस्पिटल माना ले जाया गया। मां- बेटी दोनों स्वस्थ हैं। परिजनों ने सुरक्षित प्रसव के लिए 108 टीम को धन्यवाद दिया। बताते चलें कि यह पहला मौका नहीं है, जब 108 एंबुलेंस में किलकारी गंजू हो। इससे पहले भी टीम के सदस्यों ने गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी वैन में ही करवाई है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *