रायपुर वॉच

कोरोना काल में सरकारी स्कूल के बच्चों से फीस वसूली, प्राचार्य निलंबित, स्कूल शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

Share this
  • सरायपाली के बीईओ भी निलंबित
  • प्रति छात्र 500 रुपये की वसूली का लगा आरोप

रायपुर । कोरोना काल में राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में बच्चों से फीस नहीं वसूलने का आदेश जारी किया था। इसके बाद भी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुरा की प्राचार्य ने फीस वसूली की और राज्य सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि विद्यालय की प्राचार्य ऋतु सुरंगे ने अशासकीय शुल्क वार्ड के अंदर प्रति छात्र से 500 रुपये और वार्ड के बाहर के प्रति छात्र से एक हजार रुपये की वसूली की है। इसके अलावा साल 2020-21 के लिए स्कूल की पत्रिका प्रकाशित कराने के नाम पर भी बच्चों से फीस वसूली गई है। मामले में राज्य शासन ने जांच कमेटी गठित की थी। जांच के बाद प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में प्राचार्य ऋतु सुरंगे ने कहा कि कार्रवाई हुई है इसकी जानकारी मुझे नहीं है, फीस वसूली के आरोप पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। राज्य सरकार ने कोरोना काल में अभिभावकों को राहत देते हुए सरकारी स्कूलों में किसी भी तरह की फीस वसूली पर रोक लगा रखी है। इसके बाद भी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुरा में आठ मार्च 2021 तक फीस वसूला गया। बच्चों को फीस भी नहीं लौटाया गया। शिकायत के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है। इधर ,राज्य सरकार ने महासमुंद सरायपाली के विकासखंड शिक्षा अधिकारी आईपी कश्यप को भी निलंबित कर दिया है। आरोप है कि इस अधिकारी के कार्य-व्यवहार से यहां के शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी रोष है । इसके लिए यहां के शिक्षक हड़ताल पर भी चले गए थे। उनका वित्तीय अधिकार छिन जाने के बाद सरकार ने इसे गंभीर माना है और आईपी कश्यप को निलंबित कर दिया गया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *