रायपुर : मानसून तंत्र फिर से मजबूत होने लगा है और इसका प्रभाव अगले दो दिनों में प्रदेश भर में देखने को मिलेगा। गर्मी व उमस से परेशान हो रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब मौसम में यह बदलाव सोमवार छह सितंबर से देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ ही प्रदेश भर में व्यापक बारिश होगी। मौसम विभाग का कहना है कि भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ रहेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश होगी। शनिवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धूप-छांव चलत रही। हालांकि तापमान अधिक होने के कारण गर्मी से लोग हलकान रहे। प्रदेश भर में रायपुर और माना विमानतल सर्वाधिक गर्म रहा। रायपुर और माना विमानतल का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही रायपुर का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका बीकानेर, शिवपुरी और उसके बाद मणिपुर तक है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात तटीय आंध्र प्रदेश व उसके आस-पास है। इसके प्रभाव से शनिवार चार सितंबर को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। बताते चलें कि इस साल मानसून ने धोखेबाजी की है, जिसकी वजह से किसानों की पेशानी पर बल पड़ गए हैं। खंड वर्षा की वजह से खेतों में बुवाई नहीं हो पाई है। इस स्थिति से किसानों के साथ ही सरकार भी चिंतित है।

