रायपुर : तेलघानी नाका से गुढ़ियारी की तरफ जाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। तेलघानी नाका और गुढ़ियारी को जोड़ने वाला अंडर ब्रिज दिसंबर माह में तैयार हो जाएगा। इससे करीब ढाई लाख लोगों को काफी राहत मिलेगी। सेतु निगम अंडरब्रिज का 95 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। पांच प्रतिशत काम शेष है, जिसे दिसंबर माह के पहले पूरा करने का दावा किया जा रहा हैं। अंडर बायपास बनने से तेलघानी नाका में ट्रैफिक का दबाव कम हो सकेगा। गुढ़ियारी और तेलघानी नाका की ओर से वाहन चालक अंडरब्रिज से आ-जा सकेंगे। क्योंकि पुराना ओवर ब्रिज काफी जर्जर हो चुका था। पिलर के कमजोर होने के बाद भारी वाहनों को ब्रिज के ऊपर से गुजरने प्रतिबंधित किया गया। वहीं ओवरब्रिज का काम भी अधिग्रहण के चलते विलंब से चल रहा है। अंडरब्रिज के शुरू होने से जनता को कोफी राहत मिलेगी। सेतु निगम के अधिकारी का कहना है कि अंडरब्रिज का काम निर्धारित समय पर पूरा हो जाता लेकिन झुग्गी झोपड़ी को शिफ्ट करने में काफी समय लग गया जिसकी वजह से अंडरब्रिज में देरी आई है।
ज्ञात हो कि तेलघानी नाका अंडरब्रिज का काम सेतु निगम ने मार्च 2018 में 17 करोड़ की लागत से टेंडर जारी किया गया था। 12 महीने के भीतर निर्माण एजेंसी को काम पूरा करना था। लेकिन 70 झुग्गी झोपड़ी वालों को हटाना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती थी। झुग्गी झोपड़ी वालों के विस्थापन के बाद अंडरब्रिज का काम शुरू हो पाया। लेकिन ठेका एजेंसी द्वारा काम शुरू तो कर दिया लेकिन रफ्तार नहीं पकड़ पाया जिस कारण तीन साल बाद भी अंडरब्रिज का काम पूरा नहीं हो पाया है। अधिकारियों का कहना है कि अंडरब्रिज के फिनिशिंग और तेलघानी नाका की तरफ 30 मीटर का रैंप बनाना शेष है बाकी का काम पूरा काम हो गया है।
ढाई लाख चालकों को राहत
अंडर बायपास से रोजाना ढाई लाख लोगों को राहत मिलेगी। अंडरब्रिज को 300 मीटर लंबा बनाया गया है। अंडरब्रिज को आमापारा से अग्रसेन चौक होते हुए तेलघानी नाका तक जाने वाली सड़क से इस अंडरब्रिज को जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ट्रैफिक इस ब्रिज से होकर गुजर सके। अंडरब्रिज के बनने से ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव कम होगा। अंडरब्रिज के शुरू होने से शहर के लोगों को काफी सहूलियत होगी। इससे भिलाई से जीई रोड होकर आने वाला ट्रैफिक मोहबाबाजार से सीधे गुढ़ियारी होते हुए स्टेशन पहुंच जाएगा। रिंग रोड दो से गोंदवारा-गुढ़ियारी होते हुए भी आने की सुविधा होगी।

