मुंगेली/लोरमी : 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश से आगर व मनियारी नदी उफान पर है। बाढ़ के कारण 20 गांव टापू बन गए हैं। कई बस्तिओं में पानी घुस गया है। मुंगेली शहर के बगनीभांवर में 30 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने सबको सुरक्षित स्थानों पर भेज जाने की बातें कहीं हैं। लगातार बारिश के कारण आगर व मनियारी नदी में बाढ़ आ गई है। आगर के उफान पर होने के कारण मुंगेली के पुराना पुल डूब गया है। दो से तीन फुट ऊपर पानी चल रहा है। लोरमी ब्लाक के कई इलाकों व मुंगेली शहर की निचली बस्तिओं में पानी घुस जाने से लोग रतजगा कर रहे हैं और घरों से पानी निकालने में जुटे हैं। मुंगेली नगर के बगनीभांवर में इलाके में आगर की बाढ़ के कारण दर्जना परिवारों के 30 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली है। वे लोग छत पर चढ़ाकर मदद की गुहार लगा रहे हैं। बताया जा रहा है नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नपा सीएमओ मनीष वारे का कहना है कि निचले इलाकों के सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी गई थी। कई लोगों को अलग- अलग स्थानों पर ठहराया गया है। किसी के भी फंसे होने की जानकारी नहीं है।
20 गांव बने टापू
लोरमी ब्लाक में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। जिसके चलते महामाई निवास खार, घमेरी, सहित वनांचल के लगभग 20 ग्रामों से संपर्क कट गया है। लोरमी के वार्ड क्रमांक 11 मझगांव में पुल के दोनों ओर पानी के तेज बहाव होने के कारण सड़क में दोनों किनारे में कटाव होने से गड्ढे हो गए हैं। गांधीडीह का कोतरी नाला में पुल के ऊपर से पानी चलने से मुख्य मार्ग बाधित रहा। लोरमी के वार्ड क्रमांक 9 व मझगांव के वार्ड क्रमांक 11 में लोगों के घरों में पानी घुस गया है । मझगांव वार्ड क्रमांक 11 में नदी के किनारे मकानों में पानी घुस गया है जिसके चलते लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। खुड़िया बांध में 77 फीट जलभराव होने के कारण वेस्ट वियर से पानी छलक रहा है।
जानकारी नहीं
नदियों में बाढ़ आने के कारण निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। मुंगेली नगर में किसी के फंसे होने की जानकारी नहीं है। -नवीन भगत, एसडीएम, मुंगेली

